News

7/26/2026 5:37:15 PM

220 मरीजों की हुई नेत्र जांच, 40 मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयन

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल की ओर से श्री गुरु रविदास आश्रम, लिब्बरहेड़ी (नहर पुल के पास) में निःशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद चयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हिमालयन हॉस्पिटल, जॉलीग्रांट के विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों एवं उनकी टीम ने करीब 220 मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के दौरान लगभग 40 मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। इसके साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।


शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व प्रांतपाल रवि प्रकाश ने किया। उन्होंने कहा कि आंखों की रोशनी ईश्वर का अनमोल उपहार है और ऐसे सेवा प्रकल्प जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए लगातार जनहित के कार्य कर रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है।


क्लब अध्यक्ष अनिल चड्ढा ने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्लब की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े ऐसे सेवा प्रकल्प निरंतर आयोजित किए जाएंगे।


परियोजना अध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार ने कहा कि "जनसेवा ही रोटरी का मूल उद्देश्य है।" उन्होंने बताया कि सभी सदस्यों, चिकित्सकों और स्वयंसेवकों के सहयोग से शिविर का सफल संचालन संभव हो सका। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना सबसे बड़ी मानव सेवा है।


परियोजना समन्वयक सुमित अग्रवाल ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे जनसेवा के कार्य निरंतर आगे बढ़ते हैं।अचल मित्तल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब आगे भी इसी सेवा भावना के साथ समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए कार्य करता रहेगा।


शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। इस अवसर पर क्लब सचिव सतीश गर्ग, दिनेश खत्री, पदम सिंह सहित रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल के सदस्य एवं गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने रोटरी क्लब की इस जनहितकारी पहल की सराहना की।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies