
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से आए मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी में ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करता है तथा उन्हें जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर के सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का भी संवाहक है। देशभर में संचालित करीब 25 हजार औपचारिक एवं अनौपचारिक विद्यालयों में 45 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ संस्कृति और राष्ट्रसेवा के संस्कार ग्रहण कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड नई शिक्षा नीति लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है और शिक्षा को आधुनिक एवं रोजगारपरक बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नकल माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिसके परिणामस्वरूप हजारों युवाओं ने पारदर्शी प्रक्रिया से परीक्षाएं उत्तीर्ण कर सरकारी नौकरियां प्राप्त की हैं।
उन्होंने कहा कि आज के छात्र-छात्राएं भारत का वर्तमान भी हैं और भविष्य भी। यदि वर्तमान पीढ़ी संस्कारवान और प्रतिभाशाली होगी तो भारतीय संस्कृति का गौरव पूरी दुनिया में और अधिक बढ़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए आईआईटी रुड़की के निदेशक केके पंत ने कहा कि आज के विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा के माध्यम से उत्तराखंड और भारत की संस्कृति तथा गौरव को विश्वभर में आगे बढ़ाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि आज भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और जिन वस्तुओं का कभी आयात किया जाता था, आज उनका निर्यात किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन नत्थी लाल बगवाल ने किया। इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष कौशल्या देवी आर्य, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री रजनीकांत शुक्ल, विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर शाहू, मेयर अनीता अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यमंत्री आदेश सैनी, श्यामवीर सैनी, प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह, मधु सिंह, कुंवर प्रणव सिंह, प्रमोद गोयल, सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह, मुकेश अग्रवाल, राकेश गिरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies