
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा रुड़की की महत्वपूर्ण कार्यशाला होटल सेंटर प्वाइंट में आयोजित की गई। कार्यशाला में परिषद के प्रांतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने संगठन की भावी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और सेवा गतिविधियों पर विस्तार से मंथन किया। साथ ही समाज में संस्कार, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने के लिए नए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ वेणू मोहन ने वंदे मातरम् के मधुर गायन से किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। शाखा अध्यक्ष इंजीनियर राकेश गर्ग ने सभी प्रांतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें दुपट्टा, माल्यार्पण और पौधा भेंटकर सम्मानित किया। सचिव सोमेन कर्माकर ने शाखा की ओर से संचालित सेवा कार्यों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्षा मनीषा सिंघल ने कहा कि "सीखने की कोई उम्र नहीं होती। कार्यशाला का उद्देश्य स्वयं सीखकर समाज को संस्कारित करना और सेवा के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना है।" उन्होंने परिषद के पांच सूत्रों के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास का आह्वान किया।
प्रांतीय महामंत्री संजय गर्ग ने परिषद की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज को संस्कारित, संगठित और सशक्त बनाने का संदेश दिया। प्रांतीय महिला सहभागिता संयोजिका प्रीति अग्रवाल ने महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए सिलाई-कढ़ाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण, ब्यूटी पार्लर, पापड़-चिप्स निर्माण और कपड़े के बैग जैसे स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता बताई।
प्रांतीय संस्कार संयोजक डॉ. राजीव गोयल ने बच्चों में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए बाल संस्कार शिविर, "भारत को जानो" प्रतियोगिता तथा राष्ट्रभक्ति गीत प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर दिया। संपर्क संयोजक के.के. अरोड़ा ने समाज के प्रबुद्ध और संपन्न वर्ग को परिषद की सेवा गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया, जबकि वित्त संयोजक यश गर्ग ने शाखाओं में वित्तीय अनुशासन और बैंक खातों के पारदर्शी संचालन पर विस्तार से जानकारी दी।
इससे पूर्व कार्यकारिणी की बैठक में तीज महोत्सव, टीवी उन्मूलन अभियान, एनीमिया और सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम, जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ पर सम्मान जैसे आगामी आयोजनों पर चर्चा की गई।कार्यक्रम में मुजीब मलिक, डॉ. अजय भार्गव, डॉ. सुधीर चौधरी, डॉ. सुनील शर्मा, फराह मलिक, अरविंद गुप्ता सहित अनेक सदस्यों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर दो नए सदस्यों का परिचय भी कराया गया। अंत में कारगिल विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies