News

7/28/2026 1:59:44 PM

उत्तराखंड में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और सरकारी शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर सुराज सेवा दल ने केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग उठाई।

सुराज सेवा दल के रुड़की तहसील अध्यक्ष नितिन कटारिया के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में बार-बार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और परीक्षा रद्द होने की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का विश्वास लगातार टूट रहा है, जिससे पूरे परीक्षा तंत्र की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ज्ञापन में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से जुड़े पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल दोषियों, अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा सभी भर्ती एवं शैक्षणिक परीक्षाओं को पूर्ण रूप से पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की गई।सुराज सेवा दल ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी विद्यालयों की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और कई विद्यालय बंद किए जा रहे हैं। संगठन ने बंद हुए विद्यालयों को लेकर सरकार से पुनर्विचार करने तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

सुराज सेवा दल ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की आवाज को अनसुना किया गया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।इस अवसर पर नितिन कटारिया,नौसाद प्रधान,खलील प्रधान,आलिम,सभासद रहीश,डॉक्टर सतबीर,आदिल,विनोद राणा,आदित्य राणा,सुशील कटारिया,नदीम,रियाजुल, ईनाम,हाजी इसरार,फुरकान आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies