
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रुड़की के विद्यार्थियों ने एसोसिएशन ऑफ एलायंस क्लब्स इंटरनेशनल के तत्वावधान में एलायंस क्लब अथर्व एवं वेदांता, बहादराबाद द्वारा आयोजित "एलायंस इंटरनेशनल ग्रीन पोस्टर प्रतियोगिता 2026-27" में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का विषय "प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए" रखा गया था। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था।
प्रतियोगिता में चार से आठ वर्ष तथा नौ से 15 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक और रचनात्मक पोस्टर बनाकर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से हरित पर्यावरण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण और सतत विकास का प्रभावी संदेश दिया।
विद्यालय के प्रबंधक अभिषेक चंद्रा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े छोटे-छोटे प्रयासों को अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला गवर्नर अनीता गुप्ता, जिला समन्वयक अरविंद कुमार गुप्ता, जिला सचिव दिलीप प्रधान, जिला कोषाध्यक्ष योगेश सिंघल, क्लब अध्यक्ष योगेश गोयल, सचिव अजय कंसल, कोषाध्यक्ष विशाल गोयल, जिला जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद कुमार अग्रवाल तथा क्लब आईटी समन्वयक दिव्या गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता की सफलता की सराहना की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies