
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। आरोही चाइल्ड केयर एंड प्रीस्कूल आई आई टी के एलकेजी एवं यूकेजी के विद्यार्थियों ने सोमवार को आयोजित पर्यावरण जागरूकता रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह कार्यक्रम अनुश्रुति के विद्यार्थियों के सहयोग से आयोजित किया गया।

रैली का शुभारंभ शताब्दी द्वार से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थी डाकघर पहुँचे, जहाँ उन्होंने "सेव ट्रीज़" अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों वाले पोस्टकार्ड पोस्ट किए। इसके बाद सभी प्रतिभागी सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन पहुँचे, जहाँ बच्चों ने पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प लिया।


रैली के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित नारों एवं संदेशों के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा प्रकृति की रक्षा करने के लिए प्रेरित किया। नन्हे बच्चों का उत्साह और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

विद्यालय की प्रधानाचार्या वी. स्वेता ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अभिभावकों, अनुश्रुति संस्थान की प्रिंसिपल विभूति सैनी तथा सभी स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में आरोही चाइल्ड केयर एंड प्रीस्कूल एवं अनुश्रुति संयुक्त रूप से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों और रैलियों का आयोजन करते रहेंगे, ताकि बच्चों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश और अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies