


दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक में ठेकों के नाम पर कथित अवैध उगाही के आरोप में दरगाह के कर्मचारी/सेवक सलीम अहमद उर्फ बिल्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने ने आदेश जारी कर बताया कि दरगाह कार्यालय को कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली थीं, जिनमें एक कर्मचारी/सेवक द्वारा ठेकों के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की बात सामने आई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सलीम अहमद को निलंबित कर दिया गया।उन्होंने बताया कि कर्मचारी की कथित गतिविधियों से दरगाह की छवि प्रभावित हुई है।
सलीम अहमद के खिलाफ पहले भी गोपनीय जानकारी बाहर देने, दान रसीदों में गड़बड़ी और अन्य शिकायतों के मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों में उन्हें पहले निलंबित किया गया था और बाद में चेतावनी देकर बहाल किया गया था।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि कर्मचारी के व्यवहार में सुधार नहीं आने और दरगाह के नाम पर कर्मचारियों की यूनियन बनाने के मामले में भी जांच जारी है। इस संबंध में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और जांच तहसीलदार रुड़की के नेतृत्व में गठित समिति करेगी। समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies