
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। सामाजिक सरोकारों के लिए पहचानी जाने वाली रुड़की राउंड टेबल ने महाराजा अग्रसेन चौक पर कांवड़ यात्रा के दौरान विशाल सेवा शिविर एवं भंडारे का आयोजन किया। शिविर में करीब 2500 कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को भोजन एवं पेय सामग्री वितरित कर सेवा का संदेश दिया गया।
सेवा शिविर में शिवभक्तों को ताजे ब्रेड पकोड़े, गरमा-गरम समोसे, ठंडे पानी की बोतलें और लाहौरी जीरा सोडा वितरित किया गया। पूरे दिन बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया और संस्था के इस सेवा भाव की सराहना की।
संस्था के अध्यक्ष विभोर अग्रवाल और सचिव नमन मित्तल ने बताया कि रुड़की राउंड टेबल केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षभर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा करती है। संस्था आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग, जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चलाने तथा हील (HEAL) कार्यक्रम के अंतर्गत जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने जैसे कार्य लगातार कर रही है।
कार्यक्रम में संस्था के पूर्व अध्यक्ष अनुग्रह गुप्ता भी मौजूद रहे। सेवा कार्य में महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर यशस्वी अग्रवाल, उपासना मित्तल, निशा तायल, स्पर्शा गुप्ता और सृष्टि सहदेव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष विभोर अग्रवाल ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, शहरवासियों, महिलाओं और बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी संस्था इसी तरह समाजहित के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies