दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। भगवानपुर बाईपास मार्ग पर दरियापुर के समीप एक कांवड़ के खंडित होने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।
जानकारी के अनुसार, इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र में भगवानपुर बाईपास मार्ग पर पैदल जा रहे एक राहगीर का पैर गलती से एक कांवड़िये की कांवड़ से लग गया।जिससे कांवड़ खंडित हो गई। घटना के बाद कुछ कांवड़ियों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि राहगीर जान बचाने के लिए पास के गन्ने के खेत की ओर भागा, लेकिन कांवड़ियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और मारपीट कर दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शहजाद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहगीर को कांवड़ियों के बीच से सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए भिजवाया। इसके बाद कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत करा कर उनके गतंव्य को रवाना किया।घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय तथा कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि राहगीर का पैर लगने से कांवड़ खंडित होने के कारण विवाद की स्थिति बनी थी।जिसको पुलिस कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात पर नियंत्रण किया, कांवड़ियों को समझाया और उन्हें शांतिपूर्वक उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। वहीं घायल राहगीर को उपचार के लिए भेजा गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies