News

8/9/2026 8:55:47 PM

डाक कांवड़ की दौड़ शुरू, बाईपास पर उमड़ा आस्था का सैलाब नगला इमरती बाईपास पर हजारों वाहनों की कतार, पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। पैदल कांवड़ के बाद अब डाक कांवड़ की दौड़ शुरू हो गई है। रविवार को नगला इमरती बाईपास पर डाक कांवड़ियों के वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं। हजारों की संख्या में डाक कांवड़िए तेज रफ्तार से हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होते दिखाई दिए। बाईपास पर चारों ओर डाक कांवड़ियों के वाहनों और बाइकों की आवाजाही से माहौल शिवमय नजर आया।

डाक कांवड़ के वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में जुटे हैं। हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड के रास्ते नगला इमरती बाईपास के नीचे से होते हुए लक्सर की ओर भेजा जा रहा है। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे युवा कांवड़िए और बाइक सवार तेजी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। कई स्थानों पर डाक कांवड़ियों के वाहनों की रफ्तार और संख्या के कारण पुलिसकर्मियों को यातायात नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

बाईपास पर व्यवस्था का जायजा ले रहे एसपी काशीपुर एसके सिंह ने बताया कि करीब तीन करोड़ से अधिक कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए निकल चुके हैं। अभी भी बड़ी संख्या में कांवड़िए हरिद्वार की ओर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

डाक कांवड़ के साथ ही बाईपास और आसपास के मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के साथ आम लोगों के आवागमन को भी सुचारू बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies