30 अगस्त को प्रस्तावित है कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट-हज कर चुके अभ्यर्थियों को मिलेगी प्राथमिकता..
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। हज-2027 की तैयारियों को लेकर हज कमेटी ऑफ इंडिया,मुंबई ने हज ट्रेनरों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाजियों को हज यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी और प्रशिक्षण देने के लिए योग्य एवं इच्छुक मास्टर ट्रेनरों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन 11 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त तक किए जा सकेंगे। ट्रेनरों के चयन के लिए 30 अगस्त को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) प्रस्तावित है।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी सर्कुलर में बताया गया है कि हज ट्रेनर के लिए आवेदक की उम्र 25 से 60 वर्ष होनी चाहिए। इसके साथ ही शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या उसके समकक्ष होना अनिवार्य है। उच्च शैक्षिक योग्यता रखने वाले और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को पांच अतिरिक्त प्रोत्साहन अंक दिए जाएंगे।उन्होंने बताया कि हज ट्रेनर पद के लिए आवेदक का हज किया हुआ होना अनिवार्य है। और पिछले पांच वर्षों में हज करने वाले अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।इसके साथ ही आवेदक को हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा का ज्ञान होना भी जरूरी है।शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होने के साथ कंप्यूटर का ज्ञान और हज सुविधा एप की जानकारी होना आवश्यक है।मोहम्मद आरिफ ने बताया कि हज ट्रेनर को हज अरकान और हज यात्रा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का ज्ञान होना चाहिए। साथ ही बड़ी संख्या में जायरीनों को सरल तरीके से समझाने की क्षमता भी होनी जरूरी है।ऑनलाइन के लिए आवेदन हज कमेटी की वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in पर भी आवेदन कर सकते है। आवेदन के साथ अभ्यर्थी को अपने खिलाफ किसी आपराधिक मामले की कार्रवाई लंबित नहीं होने का स्व-सत्यापित शपथ पत्र भी देना होगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies