
शिवरात्रि पर शिव चौक मंदिर पहुंचे भाजपा युवा नेता एवं फोनिक्स विश्वविद्यालय के अध्यक्ष चैरब जैन, शिवभक्तों को वितरित किया खीर, और फल का प्रसाद...
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।सावन की पावन शिवरात्रि के अवसर पर रामनगर स्थित शिव चौक शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे शिवभक्तों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष प्रसाद वितरण शिविर का आयोजन किया गया। भाजपा के युवा नेता एवं फोनिक्स विश्वविद्यालय के अध्यक्ष चैरब जैन अपनी टीम के साथ मंदिर पहुंचे और श्रद्धालुओं को खीर, फल एवं प्रसाद वितरित किया।

इस अवसर पर चैरब जैन ने सभी शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं को शिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान शिव के दर्शन एवं पूजन कर विश्व कल्याण, सुख-शांति, समृद्धि और देश की तरक्की के लिए प्रार्थना की।चैरब जैन ने कहा कि सनातन केवल आस्था नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और मानव कल्याण की जीवन पद्धति है। भगवान शिव की सच्ची भक्ति तभी सार्थक है, जब हम अपने जीवन में अच्छे संस्कारों को अपनाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता और समाजहित के कार्यों के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि केवल धार्मिक स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना करना ही पर्याप्त नहीं है। मनुष्य के कर्म और व्यवहार भी उसकी आस्था को प्रदर्शित करते हैं। यदि हम वास्तव में भगवान शिव को प्रसन्न करना चाहते हैं तो हमें अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।


गंगा स्नान को लेकर उन्होंने कहा कि आस्था का अपना महत्व है, लेकिन मनुष्य को अपने जीवन में अच्छे कर्मों और सकारात्मक सोच को भी अपनाना चाहिए। सच्ची धार्मिक भावना वही है, जो व्यक्ति को सेवा, परोपकार, सद्भाव और मानव कल्याण के लिए प्रेरित करे।सनातन धर्म को लेकर उन्होंने कहा कि देश में सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान होना चाहिए।
संविधान और कानून की मर्यादा का पालन करते हुए किसी भी धर्म अथवा धार्मिक भावना का अपमान नहीं किया जाना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति कानून की सीमा का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।चैरब जैन ने कहा कि शिवरात्रि के अवसर पर शिव चौक मंदिर में प्रसाद वितरण शिविर लगाने का उद्देश्य शिवभक्तों की सेवा के साथ समाज में सेवा और सद्भाव का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना के साथ मानव सेवा को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। चैरब जैन एवं उनकी टीम ने श्रद्धालुओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में शिवभक्तों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies