
करोड़ों शिवभक्तों की आस्था के बीच पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था, मेला संपन्न होने के बाद दक्ष मंदिर में किया जलाभिषेक
दिन-रात ड्यूटी में जुटे रहे अधिकारी और कर्मचारी, यातायात से लेकर सुरक्षा तक हर मोर्चे पर रही कड़ी निगरानी
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
हरिद्वार। लाखों शिवभक्तों की आस्था से जुड़े कांवड़ मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन ने बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को संभाला, जिसके चलते कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों की संख्या में कांवड़िए पहुंचे। हरकी पैड़ी, प्रमुख घाटों, कांवड़ पटरी, मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती रही। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया गया, वहीं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस बल ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालने में अहम भूमिका निभाई।

मेले के दौरान अधिकारियों ने लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यक बदलाव किए। प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुचारु रखने, कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही और संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रहे। गर्मी, भीड़ और लंबे ड्यूटी घंटों के बावजूद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों में जुटे रहे।
डीएम और एसएसपी के बीच लगातार बेहतर समन्वय का असर पूरे मेला क्षेत्र में दिखाई दिया। प्रशासन ने जहां श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित किया, वहीं पुलिस ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली। दोनों विभागों के संयुक्त प्रयासों से कांवड़ यात्रा को बिना किसी बड़े व्यवधान के संपन्न कराया गया।
कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कनखल स्थित दक्ष महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनपद की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कांवड़ मेले के सफल समापन के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन के संयुक्त प्रयास महत्वपूर्ण रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies