दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। हज-2027 के लिए चयनित उत्तराखंड के हज यात्रियों को हज कमेटी ऑफ इंडिया ने राहत दी है। पहली किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर अब 17 अगस्त 2026 कर दी गई है। चयनित प्रत्येक हज यात्री को पहली किस्त के रूप में 1,52,300 रुपये जमा करने होंगे।

उत्तराखंड राज्य हज समिति के हज अधिकारी मोहम्मद आरिफ खान ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि चयनित हज यात्रियों को पहली किस्त निर्धारित समय के भीतर जमा करना अनिवार्य है। यात्री स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में धनराशि जमा कर सकते हैं। इसके अलावा हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।उत्तराखंड हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने तिथि बढ़ाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास का आभार जताया। 
उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से चयनित हज यात्रियों को किस्त जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मिला है।उन्होंने बताया कि पहली किस्त जमा करने के साथ चयनित यात्रियों को आवश्यक दस्तावेज भी उत्तराखंड राज्य हज समिति, हज हाउस पिरान कलियर में जमा कराने होंगे। इनमें हज आवेदन फार्म की फोटो लगी हार्ड कॉपी, डिक्लेरेशन कार्ड की प्रति, मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र, पहली किस्त की ऑनलाइन या ऑफलाइन पे-स्लिप, कवर हेड की कैंसिल चेक या बैंक पासबुक की प्रति,पासपोर्ट के फ्रंट व बैक पेज की प्रति, आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रति, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो तथा मूल पासपोर्ट शामिल हैं।
हज समिति ने सभी चयनित हज यात्रियों से 17 अगस्त तक पहली किस्त जमा कर आवश्यक दस्तावेज जल्द से जल्द हज हाउस पिरान कलियर में जमा कराने की अपील की है। निर्धारित समय में किस्त जमा नहीं करने पर हज यात्रा की आगामी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies