News

8/13/2026 11:22:19 AM

कलियर::उर्स/मेले में यातायात व्यवस्था को लेकर प्लान तैयार-23 से 28 अगस्त तक वाहनों की एंट्री पर रोक-उर्स/मेले में रहेगा जीरो जोन-24 बैरियर और 13 पार्किंग से संभलेगा यातायात....

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था का प्लान तैयार कर लिया है। उर्स के दौरान मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे,जबकि जायरीनों के वाहनों के लिए 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दरगाह परिसर के एक किलोमीटर के दायरे को सुरक्षा की दृष्टि से जीरो जोन बनाया गया है। यहां वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार 23 अगस्त से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अलग-अलग मार्गों से आने वाले जायरीनों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। पार्किंग भरने की स्थिति में मेहवड़ पुल के पास खाली मैदान और धनौरी लॉ कॉलेज मैदान को वैकल्पिक पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

यातायात प्लान के तहत रुड़की नहर पटरी से कलियर की ओर आने वाले ऐसे चार पहिया और दो पहिया वाहनों, जिन्हें हरिद्वार जाना है, उन्हें नगर पालिका पुल और सोनाली पार्क के उत्तरी किनारे से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को मेहवड़ पुल से मेहवड़ कला यू-टर्न कर कांवड़ पटरी के रास्ते सोलानी पुल से हाईवे की ओर भेजा जाएगा।

भगवानपुर-इमलीखेड़ा की ओर से हरिद्वार जाने वाले चार पहिया वाहनों को धनौरी होते हुए बहादराबाद भेजा जाएगा। हरिद्वार से भगवानपुर-सहारनपुर जाने वाले वाहनों को धनौरी तिरछा पुल से इमलीखेड़ा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं हरिद्वार से नहर पटरी होकर रुड़की जाने वाले वाहनों को बहादराबाद से हाईवे की ओर भेजा जाएगा। रुड़की और नगला इमरती बाईपास की ओर से हरिद्वार जाने वाले वाहनों को कोर इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा से हरिद्वार हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।


 इन स्थानों पर होगी पार्किंग..


कोर इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से कलियर आने वाले जायरीनों के वाहनों को रहमतपुर रोड के पास अस्थायी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। धनौरी कांवड़ नहर पटरी से आने वाले वाहनों के लिए इमाम साहब के नीचे अजमेरी गेट पार्किंग निर्धारित की गई है। धनौरी रोड और पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को धनौरी इंटर कॉलेज मैदान व आसपास के खाली प्लाटों में पार्क कराया जाएगा। धनौरी पुरानी नहर पटरी और बावन दर्रा मध्य पटरी से आने वाले वाहनों के लिए नूरबीबी पार्किंग, बेड़पुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बेड़पुर गांव के पास विधायक पेट्रोल पंप से पहले खाली मैदान,जबकि इमलीखेड़ा-मेहवड़ रोड से आने वाले वाहनों के लिए चार मिनार होटल के नीचे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। रुड़की की ओर से पुरानी नहर पटरी से आने वाले वाहनों को हज हाउस के सामने पक्की पार्किंग और पीएनबी के पास बनाई गई पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। रिक्शा और तांगा के लिए साबरी नर्सिंग तांगा स्टैंड निर्धारित किया गया है। विक्रम, टेंपो और मैटाडोर को मेहवड़ पुल से बाजूहेड़ी चौराहे के रास्ते दोनों नहरों के मध्य पटरी पर डायवर्ट कर पीर गैब साहब के नीचे पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। कांवड़ नहर पटरी से आने वाले बड़े-छोटे वाहनों के लिए होटल कैनाल व्यू के पास राणा ब्रिक फील्ड में पार्किंग बनाई गई है। रहमतपुर और अन्य स्थानीय दोपहिया वाहनों के लिए कलियर चौक से सदन चौक के बीच दोपहिया पार्किंग निर्धारित की गई है।पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों और जायरीनों से अपील की है कि उर्स के दौरान निर्धारित यातायात मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies