
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स की शुरुआत से पहले बरेली शरीफ से झंडा लेकर करीब 150 जायरीनों का जत्था 11 दिन का सफर तय कर गुरुवार को पिरान कलियर पहुंचा। कलियर पहुंचने पर शाह यावर एजाज साबरी ने जत्थे का फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। झंडे के कलियर पहुंचने के साथ ही दरगाह परिसर में उर्स की रौनक बढ़ गई और दूर-दराज से अकीदतमंदों के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया।

असर की नमाज के बाद सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी की सरपरस्ती में दरगाह साबिर पाक के बुलंद दरवाजे पर झंडा कुशाई (फहराने) की रस्म अदा की जाएगी। इसी के साथ दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स विधिवत शुरू हो जाएगा। झंडे की रस्म में शामिल होने के लिए कलियर और आसपास के क्षेत्रों के साथ ही पंजाब, रामपुर, मुरादाबाद, नजीबाबाद, बिजनौर, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न स्थानों से अकीदतमंद पहुंच रहे हैं।
शाह यावर अली एजाज साबरी ने बताया कि बरेली से सूफी वसीम मियां साबरी, कमाल मियां साबरी नासिरी अपने साथी मेहराज साबरी, काजी रिजवान, शाहिद रजा नूरी, गुड्डू कोट और इमरान साबरी के नेतृत्व में चार अगस्त को करीब 150 जायरीनों का जत्था लेकर रवाना हुए थे। करीब 11 दिन का सफर तय करने के बाद जत्था कलियर शरीफ पहुंचा है। उन्होंने बताया कि असर की नमाज के बाद सज्जादानशीन शाह अली ऐजाज साबरी की सरपरस्ती में दरगाह के मुख्य गेट पर झंडा फहराने की रस्म होगी।
इसके बाद देश की एकता, अखंडता और खुशहाली के साथ ही उर्स के सकुशल संपन्न होने की दुआ की जाएगी।झंडा कुशाई की रस्म को लेकर दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्र में अकीदतमंदों की भारी भीड़ जुटने लगी है। उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना है।इस दौरान शाह यावर मियां साबरी, नासिर मियां, गाजी मियां, असद साबरी, सूफी राशिद साबरी, नोमी मियां, शफीक साबरी, मुनव्वर अली साबरी, सज्जादा प्रतिनिधि शाह सुहैल मियां, सलीम उदयपुर, गुलशाद सिद्दीकी, दीपक, राहुल अरोड़ा, गुरप्रीत सिंह, गुलफाम साबरी आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies