
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफॉर्मरों पर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विभाग के अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करीब 3400 ट्रांसफॉर्मरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, जिनमें से अब तक 1800 ट्रांसफॉर्मरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।


अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद प्रत्येक ट्रांसफॉर्मर पर पड़ने वाले विद्युत भार की निगरानी आसानी से की जा सकेगी। मीटर की रीडिंग के आधार पर यह पता चल सकेगा कि किसी ट्रांसफॉर्मर पर उसकी क्षमता के मुकाबले अधिक लोड तो नहीं पड़ रहा है।


यदि किसी ट्रांसफॉर्मर पर निर्धारित क्षमता से अधिक भार पाया जाता है तो विभाग समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सकेगा। इससे ओवरलोडिंग की समस्या को कम करने के साथ-साथ ट्रांसफॉर्मर फुंकने और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

विवेक राजपूत ने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग के माध्यम से विद्युत विभाग को ट्रांसफॉर्मरों की स्थिति और लोड की बेहतर निगरानी करने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुचारु और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies