News

8/13/2026 7:28:44 PM

मंत्री के दौरे में दिखा ‘फर्जी खादिमों’ का साया-उर्स की तैयारियों के बीच सक्रिय हुए बिन बुलाए मेहमान..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स/मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करने और दरगाह में चादर व फूल पेश करने के लिए समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजानदास एवं वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स गुरुवार को पिरान कलियर पहुंचे। मंत्री के पहली बार कलियर आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया और उर्स की तैयारियों से जुड़ी स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

मंत्री के दरगाह पहुंचने के दौरान एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। दरगाह परिसर में लंबे समय से सक्रिय बताए जाने वाले कुछ फर्जी खादिम भी मौके पर पहुंच गए और मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होकर पूरे समय उनके इर्द-गिर्द नजर आए। चादर पेश करने से लेकर दरगाह में जियारत तक इन लोगों की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।मंत्री के आसपास संदिग्ध गतिविधियों वाले लोगों की मौजूदगी को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी सतर्क दिखाई दिए। अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते नजर आए। उर्स के दौरान दरगाह परिसर में फर्जी खादिमों और अवैध वसूली वालों की सक्रियता पहले भी सवालों के घेरे में रही है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के सामने उर्स के दौरान आने वाले जायरीनों की सुविधाओं, व्यवस्थाओं और स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे भी रखे। मंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर उर्स को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।मंत्री के पहली बार पिरान कलियर पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में भी उत्साह रहा। वहीं उनके दौरे के दौरान फर्जी खादिमों की कथित सक्रियता ने दरगाह की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies