
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले की मेहंदी डोरी की रस्म शुक्रवार रात अदा की जाएगी। रस्म में बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र में यातायात और आवागमन व्यवस्था को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बाजार और मुख्य मार्गों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया।
पिरान कलियर बाजार में कई दुकानदारों ने दुकानों का सामान सड़क तक फैला रखा था। वहीं कुछ स्थानों पर सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगाकर रास्ते को संकरा कर दिया गया था। रात के होने वाली उर्स की मेहंदी डोरी की रस्म के दौरान जायरीनों की भीड़ बढ़ने पर यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई कर पीपल चौक, टंकी चौक,नवाब बाजार, सोहलपुर रोड,दरगाह के मुख्य मार्ग समेत मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर रखा सामान हटवाकर रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पुलिस ने दुकानदारों को दोबारा सड़क पर सामान न लगाने और निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगाने की हिदायत दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मेहंदी डोरी की रस्म को देखते हुए मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और जायरीनों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की गई है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies