
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले की पहली रस्म मेहंदी डोरी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार रात दस बजे होने वाली रस्म में बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय और कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस तथा पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने मेला क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने पीपल चौक, वीआईपी रोड, पहाड़ी बाजार, टंकी चौक, मेन बाजार, रैन बसेरा, हज हाउस रोड सहित मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण किया।
इस दौरान लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का अहसास कराने के साथ ही पुलिस अधिकारियों ने जवानों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय ने बताया कि मेहंदी डोरी की रस्म और आगामी उर्स को सकुशल संपन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है।
फ्लैग मार्च के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया है। मेला क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान आने वाले जायरीनों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। शांति व्यवस्था बिगाड़ने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 
पुलिस ने जायरीनों और स्थानीय लोगों से भी उर्स को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।इस दौरान एसएसआई राजेश बिष्ट, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली समेत पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies