
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को मेला पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर प्रमुख बाजारों और मार्गों से अतिक्रमण हटाया। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग करते हुए सत्यापन अभियान चलाया गया। 
पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र के आसपास स्थित होटलों में भी चेकिंग कर वहां ठहरे लोगों का सत्यापन किया।इस दौरान पुलिस ने पीपल चौक, फव्वारा चौक, टंकी चौक, नवाब बाजार, सोहलपुर रोड और दरगाह के मुख्य मार्ग समेत अन्य स्थानों पर अभियान चलाकर सड़क व सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। दुकानदारों और अन्य लोगों को रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर होटल और अन्य ठहरने वाले स्थानों पर भी पहुंचकर लोगों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि उर्स/मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है। मेला क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। होटल, ढाबों और अन्य स्थानों पर चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और व्यापारियों से पुलिस का सहयोग करने तथा मेला क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस दौरान मेला पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स और पीएसी के जवान मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies