
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से रविवार को कलियर विधानसभा क्षेत्र के ढंडेरी ख्वाजीपुर स्थित एक वेंकट हॉल में लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं। लखपति दीदी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब दो लाख 80 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और सरकार का लक्ष्य इस संख्या को छह लाख तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन, पशुपालन सहित सैकड़ों योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सब्सिडी और ब्याज मुक्त ऋण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं और आर्थिक रूप से मजबूत बनें।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन में कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं को सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। आज महिलाएं केवल घर की रसोई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने की, जबकि संचालन नेहा गुप्ता ने किया। बासुदेव लाल मैथिल सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने शिक्षिकाओं ललिता और सोनिया के नेतृत्व में सांस्कृतिक एवं संगीत प्रस्तुति दी।इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलकमल शर्मा, कार्यक्रम संयोजक ब्रिजेश शर्मा, सहसंयोजक राखी शर्मा, मीनाक्षी तोमर, पूनम, सावित्री मंगला, ममता राणा, प्रतिभा चौहान, रीमा बंसल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और महिलाएं मौजूद रहीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies