
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। आदर्श कॉलोनी अशोक मार्ग, रामनगर स्थित दुर्गा मंदिर समिति का स्थापना दिवस प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में माता की चौकी का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ माता का गुणगान किया।

कार्यक्रम में बीएसएम शिक्षण संस्थान के वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट ममतेश कुमार शर्मा और एडवोकेट रजनीश कुमार शर्मा ने ज्योत प्रज्ज्वलित कर माता की चौकी का शुभारंभ किया तथा माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल और भाजपा उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर समिति एवं मंदिर के पुजारी मनोज सेमवाल ने अतिथियों को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के संयोजक नगर निगम रुड़की के वार्ड नंबर 38 के पार्षद मनीष वाल्मीकि रहे। उन्होंने कहा कि मंदिर का स्थापना दिवस क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर पीएस अग्रवाल, सुखपाल शर्मा, इंद्र लाल, वीपीएस तोमर, राजीव भारद्वाज, नीरज शांडिल्य, सुशील तोमर, प्रवीण मेहंदी दत्ता, पंकज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता के जयकारे लगाए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies