
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। रबीउल अव्वल का चांद नजर आने के साथ ही जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां तेज हो गई हैं। पिरान कलियर में भी मिलाद की रौनक दिखाई देने लगी है। सोमवार को औन फाउंडेशन की ओर से संस्था के सदर कुंवर शाहिद की सरपरस्ती में दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रह. में अकीदत की चादर और फूल पेश कर खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया।

चादरपोशी के लिए खादिम मुनव्वर अली साबरी की खानकाह से जुलूस निकाला गया, जो मेन रोड से होते हुए दरगाह के मुख्य द्वार पर पहुंचा। साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने चादर पेश कराकर दुआ-ए-खैर कराई। इस दौरान मुल्क में अमनो-सलामती, खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई।चादरपोशी के बाद फातिहाख्वानी हुई और मुनव्वर अली साबरी की खानकाह पर लंगर का आयोजन किया गया।औन फाउंडेशन के सदर कुंवर शाहिद ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के मौके पर संस्था की ओर से धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक और खिदमाती कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इनमें रक्तदान शिविर, अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरण, लंगर, मिलाद जुलूस का स्वागत और हुजूर पाक ﷺ के मूए-मुबारक की जियारत का कार्यक्रम शामिल है।उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य मिलाद की खुशियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना और मोहब्बत, भाईचारे व इंसानियत का पैगाम आम करना है। धार्मिक आयोजनों के साथ जरूरतमंदों की सेवा करना भी हमारी जिम्मेदारी है।साहिबजादा शाह यावर एजाज कुद्दुसी साबरी ने कहा कि माह-ए-रबीउल अव्वल रहमत और बरकत का महीना है।
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सभी को हुजूर पाक ﷺ की सीरत-ए-पाक को अपनी जिंदगी में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि साबिर पाक की बारगाह में चादर पेश कर देश में अमन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ की गई है।खादिम मुनव्वर अली साबरी ने कहा कि माह-ए-रबीउल अव्वल की आमद हर आशिक-ए-रसूल के लिए खुशी और बरकत का पैगाम है। साबिर पाक की बारगाह से हमेशा इंसानियत, मोहब्बत और अमन का संदेश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी की खुशियां आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाई जानी चाहिए। औन फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे सामाजिक और खिदमाती कार्य इसी भावना की कड़ी हैं।इस दौरान मुनव्वर अली साबरी, परवेज आलम पत्रकार, आसिफ अली उर्फ हैदर, आलम मंसूरी, गुड्डू साबरी, मुमताज नकवी, सैफ अली, अतीक अहमद, आरिफ अली, अली रजा, शाहजैन साबरी समेत औन फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies