News

8/17/2026 3:02:53 PM

हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई देशभक्ति और राष्ट्रध्वज सम्मान की सीख

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिझौली में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक डॉ. अशोक पाल सिंह ने विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्य, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. अशोक पाल सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत वर्ष 2022 में देश की आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत की गई थी। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के साथ ही नागरिकों के मन में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को ध्वज संहिता के नियमों की जानकारी भी दी।

उन्होंने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ‘वंदे मातरम्’ की भावना से जोड़ते हुए 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा समारोह और ‘वंदे मातरम्’ गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

डॉ. पाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि बंकिमचंद्र चटर्जी ने इसे वर्ष 1874 में बांग्ला भाषा में लिखा था। 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा ने इसे राष्ट्रगीत के रूप में स्वीकार किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगीत के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies