
भाजपा मंडल अध्यक्ष पर अभद्रता और मारपीट की धमकी देने का आरोप, माफी की मांग; विकास पाल ने कर्मचारियों पर लगाया अभद्रता का आरोप
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नगर पंचायत ढंडेरा में पानी निकासी की मोटर को लेकर विवाद खड़ा हो गया। भाजपा के लंढौरा मंडल अध्यक्ष एवं सभासद विकास पाल पर अभद्रता और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक विकास पाल माफी नहीं मांगते, तब तक उनका कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
कर्मचारियों के अनुसार मिलाप नगर क्षेत्र में पानी निकासी के लिए मोटर लगाई गई थी, जो पिछले कुछ दिनों से खराब थी। मोटर खराब होने के कारण क्षेत्र में पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। कर्मचारियों का आरोप है कि मोटर बदलने के संबंध में सभासद विकास पाल ने सेनेट्री इंस्पेक्टर आयुष वर्मा से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। आयुष वर्मा ने जल्द मोटर बदलने का आश्वासन दिया, लेकिन आरोप है कि इस दौरान विकास पाल भड़क गए और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की धमकी दी।
कर्मचारियों का कहना है कि घटना से आक्रोशित होकर उन्होंने कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि जब तक मामले में माफी नहीं मांगी जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं, विकास पाल ने कर्मचारियों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि 14 अगस्त से मोटर खराब पड़ी थी, जिसके चलते गलियों में पानी भरा हुआ था और स्थानीय लोग परेशान थे। उन्होंने कई बार कर्मचारियों से मोटर ठीक कराने या बदलने के लिए कहा, लेकिन हर बार मामले को टाल दिया गया।
विकास पाल के अनुसार, वह 17 अगस्त को समस्या को लेकर नगर पंचायत पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वहां सुपरवाइजर और सेनेट्री इंस्पेक्टर से मोटर बदलने की बात कहने पर कर्मचारियों ने ही उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से भी की गई है।
हड़ताल में शादाब, विक्रांत, संजय, आयुष वर्मा, अंकित, आतिश, करण, लक्ष्मी, मीनाक्षी, पूजा, सुनीता, सोनिया, राहुल, आकाश, हैप्पी कुमार, संदीप, सनी और विकास सहित कर्मचारी शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies