
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। नारसन ब्लॉक में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब देहरादून से पहुंची सतर्कता विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए ब्लॉक पीआरडी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद ब्लॉक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुंडियकी निवासी जोगिंदर ने सतर्कता विभाग से शिकायत की थी कि ब्लॉक से जुड़े एक काम को कराने के एवज में पीआरडी के क्षेत्रीय कल्याण अधिकारी कुलदीप द्वारा उससे 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद सतर्कता विभाग की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
मंगलवार को देहरादून से पहुंची सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कथित तौर पर 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को नारसन ब्लॉक परिसर में ही पूछताछ कर रही है।
विजिलेंस की अचानक हुई कार्रवाई से ब्लॉक परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। टीम द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सतर्कता विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies