News

8/18/2026 6:18:53 PM

श्रद्धालुओं की उमंग और भक्ति के बीच श्री महाशिवपुराण कथा का शुभारंभ, कलश यात्रा रही विशेष आकर्षण

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। सुभाष नगर स्थित पीपल वाली गली में निर्माणाधीन श्री खाटूश्याम मंदिर परिसर मंगलवार को शिवभक्ति से सराबोर हो उठा। सात दिवसीय श्री महाशिवपुराण कथा के शुभारंभ से पहले भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सुबह 10 बजे निकली कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

कलश यात्रा के बाद विधि-विधान से पूजन, धार्मिक अनुष्ठान और दीप प्रज्वलन संपन्न कराया गया। इसके साथ ही सात दिवसीय श्री महाशिवपुराण कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा व्यास पंडित जगदीश पैन्यूली ने श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, शिव तत्व और महाशिवपुराण के विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों का रसपान कराया।

आचार्य अनुज नौटियाल, आचार्य दिनेश सेमवाल, आचार्य प्रकाश नौटियाल, पंडित देवेश एवं सकमर के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अनुष्ठान संपन्न हुए। दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण के साथ कथा का शुभारंभ होते ही पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

आयोजन के मुख्य यजमान सपना सैनी एवं हर्ष सैनी सह परिवार हैं। कथा का आयोजन 18 अगस्त से 24 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।आयोजन की विशेष बात यह है कि कथा स्थल पर प्रतिदिन भंडारे एवं दिव्य प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। वहीं दूर-दराज रहने वाले अथवा किसी कारणवश कथा में शामिल न हो पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खाटू धाम यूट्यूब चैनल एवं फेसबुक पेज पर कथा का सीधा प्रसारण किया जा रहा है।

कथा एवं कलश यात्रा की गतिविधियों को दीपक सेमवाल द्वारा मौके से लाइव कवरेज के माध्यम से श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा रहा है। आयोजन के धार्मिक कार्यक्रमों, कलश यात्रा और कथा के महत्वपूर्ण क्षणों की तस्वीरें एवं वीडियो भी लगातार श्रद्धालुओं तक पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे घर बैठे लोग भी इस आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ सकें।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में पहुंचकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण करने और धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया। कथा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।आज की कथा में कमला बमोला, भावना पैन्यूली, संतोषी माता कीर्तन मंडली, खाटू श्याम कीर्तन मंडली, सुनीता चौधरी, शालू शर्मा, सुनील भटनागर, डॉ. संजय, नीलम सिंह, अमरा देवी रावत, कुसुम सुंदरियाल, शशिकांत शर्मा, पूनम शर्मा, अनंत शर्मा, खुशी जोशी एवं निर्मला जोशी का विशेष सहयोग रहा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies