News

8/19/2026 6:32:46 PM

प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही मां की बेटी ने प्रेमी संग की हत्या मंगलौर पुलिस ने 18 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी, ब्रेजा कार और चाकू बरामद

दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::


मंगलौर। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही मां की हत्या उसकी ही बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। दोनों ने महिला को कार में बैठाकर ले जाने के बाद रास्ते में उसकी हत्या की और शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मंगलौर कोतवाली पुलिस को पुराना मंगलौर नहर पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए रुड़की मोर्चरी में रखवाया। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से महिला की पहचान कराने के प्रयास किए गए।

बाद में अरविंद निवासी ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर ने शव की पहचान अपनी पत्नी कविता के रूप में की। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच करते हुए करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक ब्रेजा कार संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दी। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस ने कार की तलाश शुरू की।

जांच में सामने आया कि आरोपी आकाश चौहान और मृतका की पुत्री उन्नति के बीच प्रेम प्रसंग था। पुलिस के मुताबिक, मृतका अपनी बेटी को इस संबंध को लेकर बार-बार समझाती थी। प्रेम संबंध में मां को बाधा मानते हुए उन्नति ने प्रेमी आकाश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।पुलिस के अनुसार, दोनों ने सरिता को बुढ़ाना से ब्रेजा कार में बैठाया और हरिद्वार जाने की बात कही। रास्ते में दोनों ने महिला को पकड़ लिया और चाकू से उसका गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश चौहान पुत्र रविंद्र निवासी दूल्हेड़ा, पल्लवपुरम, मेरठ और उन्नति पुत्र अरविंद निवासी ग्राम ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार संख्या UP14EZ-5346 और चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर, उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक अशोक सिवाल और महिला आरक्षी अजू शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies