
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। टोक्यो डेफ ओलंपिक्स 2025 में भारत का परचम लहराने वाले रजत पदक विजेता उत्तराखंड के लाल शौर्य सैनी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया।
जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित 25 वें समर डेफ ओलंपिक्स 2025 में देश के लिए रजत पदक जीतने वाले उत्तराखंड के स्टार निशानेबाज शौर्य सैनी को सम्मानित करते हुए उन्हें राज्य का गौरव बताया और शाल, स्मृति चिन्ह और नकद राशि की घोषणा के साथ बधाई दी। 
उल्लेखनीय है कि 22 वर्षीय शौर्य सैनी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के क्वालीफिकेशन राउंड में 584 अंकों का एक नया डेफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और शीर्ष स्थान प्राप्त कर फाइनल में प्रवेश किया जबकि कांटे की टक्कर में शौर्य सैनी ने फाइनल में दूसरा स्थान प्राप्त कर भारत की झोली में रजत पदक डाल दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शौर्य सैनी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयारी के लिए वित्तीय एवं ढांचागत सुविधा प्रदान करने का हर संभव प्रयास करेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies