News

8/21/2026 2:25:55 PM

एसआईआर में फर्जी आपत्तियों के निस्तारण की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

धीरेंद्र प्रताप बोले- वैध मतदाताओं को परेशान किया तो कांग्रेस करेगी आंदोलन


दैनिक रुड़की(राहुल सक्सेना)::

रुड़की। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर की ओर से शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में आ रही दिक्कतों और फर्जी शिकायतों के विरोध में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं रुड़की विधानसभा एसआईआर प्रभारी धीरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपर तहसीलदार शुभांगी के माध्यम से ज्ञापन दिया।

ज्ञापन में कहा गया कि एसआईआर के दौरान आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। फर्जी शिकायतों का निस्तारण बीएलओ की रिपोर्ट के आधार पर तत्काल किया जाए। वहीं छोटी-मोटी त्रुटियों को लेकर जारी किए गए नोटिसों का भी नियमानुसार गंभीरता से निस्तारण किया जाए। कांग्रेस ने प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने की मांग की।

धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि फॉर्म-7 से संबंधित सभी आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाना चाहिए। पीड़ित पक्ष को नोटिस के माध्यम से पर्याप्त सूचना दी जाए, ताकि उसे अपना पक्ष रखने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि फर्जी आपत्तियों का तेजी से निस्तारण होना जरूरी है, जिससे वास्तविक मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। चुनाव आयोग यदि अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करता है तो कांग्रेस उसका स्वागत करेगी। लेकिन वैध मतदाताओं को परेशान किया गया तो पार्टी चुनाव आयोग के खिलाफ जन आंदोलन चलाने को मजबूर होगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि अधिकारी किसी राजनीतिक दबाव में आकर वैध मतदाताओं को परेशान न करें। मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना संबंधित चुनाव अधिकारी, बीएलओ और जिला निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव और दबाव के कार्यवाही होनी चाहिए। यदि किसी वैध मतदाता को मतदान से वंचित करने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस कानूनी कदम उठाएगी।

इस दौरान प्रदेश सचिव एवं रुड़की सह प्रभारी महेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, पूर्व मेयर गौरव गोयल, पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, रिजवान अहमद, सुशील कश्यप, जिला प्रवक्ता अनिल पुंडीर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एसपी त्यागी एडवोकेट, पार्षद फजलुर्रहमान, मोनू त्यागी, मकसूद हसन, अब्दुल समद, ढंडेरा नगर अध्यक्ष राव मुन्ना, पूर्व प्रदेश सचिव मुनेश त्यागी, अनूप शर्मा, पूर्व चेयरमैन सेवाराम रोड, बीएलए-1 सलमान सिद्दीकी, अनस आलम, नीरज अग्रवाल और नूर आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies