
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
कलियर/धनौरी। धनौरी चौकी क्षेत्र में चोरों ने एक दुकान की साइड वाली दीवार में सेंध लगाकर हजारों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को घटना का पता चला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।

धनौरा निवासी ब्रिजेश सैनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है की धनौरी में भारती इंटरप्राइजेज के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान की साइड वाली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखा लैपटॉप और हजारों रुपए की नकदी, लाइट फिटिंग का पीतल, लोहे का सामान और पेंट से संबंधित सामग्री चोरी कर ली।
शुक्रवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो दीवार में सेंध लगी देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती सामान गायब थे। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित ने पुलिस से चोरों का पता लगाकर चोरी हुआ सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies