दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। ढंडेरा क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक चार से पांच राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।मौके पर देखा कि शराब के ठेके पर कैंटीन चलाने वाले एक युवक अमन और उसके साथी प्रशांत का कुछ बाईक सवार पीछा कर रहे थे और उसके ऊपर फायरिंग की जा रही थीं। अमन अपनी जान बचाने के लिए अंबेडकर मार्ग स्थित एक स्कूल के समीप स्थित एक गली की ओर दौड़ा तो बाईक सवार युवकों ने वहां उसके ऊपर और भी गोलियां चलाई। गोलियां लगने से अमन ने वही गली में अपना दम तोड़ दिया। जबकि दूसरा युवक प्रशांत भी गोली लगने से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

क्षेत्रीय निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता रवि राणा ने बताया कि कॉलेज के समीप गोलियों की आवाज सुनकर वह घर से बाहर आए तो देखा कि अमन खून से लथपथ वहां पड़ा था कुछ युवक फायरिंग करके मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ कारतूस और खोखे भी बरामद किए हैं। 
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। वारदात के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। वहीं मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद ढंडेरा क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies