
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए समुदाय विशेष को निशाना बनाकर वोट काटने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी आपत्तियां दाखिल कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व मेयर ने कहा कि भाजपा से जुड़े कुछ जनप्रतिनिधियों के समर्थक अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर इस तरह की आपत्तियां दाखिल कर रहे हैं।
गौरव गोयल ने शुक्रवार को मुक्तुलपुरी स्थित प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 45 पर पहुंचकर सक्षम अधिकारी के समक्ष कथित फर्जी आपत्तियों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी आपत्तियों का फर्जी निस्तारण किया जा रहा है, कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से न हटे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोगों को लगता है कि एसआईआर के माध्यम से निर्वाचन आयोग उनके 2027 के मिशन को आसान कर रहा है। यही कारण है कि कथित फर्जी आपत्तियों के मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पूर्व मेयर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी सही और पात्र व्यक्ति का वोट किसी कीमत पर कटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता के नाम को लेकर गलत आपत्ति दाखिल की जाती है तो कांग्रेस कार्यकर्ता उसका विरोध करेंगे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाएंगे।
गौरव गोयल ने लोगों से भी अपने मताधिकार को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और किसी प्रकार की गड़बड़ी या गलत आपत्ति सामने आने पर तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते उसका विरोध किया जा सके।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies