
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। उच्च शिक्षा आपके द्वार प्रवेश जागरूकता अभियान के तहत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति नवीन चंद लोहनी रुड़की पहुंचे। इस दौरान का मोहिनी देवी डिग्री कॉलेज में प्रबंध निदेशक योगेश सिंघल,अध्यक्ष मनीषा सिंघल और निदेशक अक्षय सिंघल ने उनका स्वागत किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी।
कुलपति नवीन चंद लोहनी ने बताया कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय विभिन्न पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने का काम कर रहा है। वर्तमान में पूरे देश के विभिन्न राज्यों से करीब 70 हजार छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार उपकारागार में करीब 12 कैदियों ने विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया है। वहीं हल्द्वानी उपकारागार में 20 से अधिक कैदी निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अब सितारगंज जेल में भी विश्वविद्यालय का केंद्र खोला जाएगा, जहां पुस्तकालय की सुविधा के साथ परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
कुलपति ने बताया कि बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप और रानीखेत रेजिमेंट को भी विश्वविद्यालय से जोड़ा गया है। फिलहाल प्रवेश प्रक्रिया जारी है और परीक्षाएं भी चल रही हैं। 27 अगस्त को अंतिम परीक्षा होगी, जबकि 15 सितंबर तक परीक्षा परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि विदेशों के छात्र-छात्राओं के लिए प्रवेश शुरू होने के बाद नेपाल के विद्यार्थियों ने भी विश्वविद्यालय से संपर्क किया है। उत्तराखंड की स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए गढ़वाली और कुमाऊंनी के साथ जल्द ही जौनसारी भाषा में भी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा विदेशों में कार्य करने वाले विद्यार्थियों की जरूरतों को देखते हुए स्पेनिश, फ्रेंच और चीनी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में विश्वविद्यालय के 145 अध्ययन केंद्र और 80 परीक्षा केंद्र संचालित हैं। अन्य राज्यों के विद्यार्थियों को सुविधा देने के लिए ऑनलाइन परीक्षा व्यवस्था शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर उत्तराखंड अल्पंसख्यक शिक्षा प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी, विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉक्टर बृजेश वनकोटी, डॉक्टर आकाशदीप त्यागी,राजेश चंद पालीवाल,राहुल राय,डॉक्टर मोहित कुमार आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies