
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। ढंडेरा में शुक्रवार रात शराब ठेके की कैंटीन चलाने वाले 22 वर्षीय अमन की हत्या के मामले में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। नगला इमरती के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में कांबिंग कर रही है।
शुक्रवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने शराब ठेके की कैंटीन चलाने वाले अमन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी थी। हमले में अमन का दोस्त प्रशांत भी घायल हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब दो बजे मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल तीन बदमाश बाइक से जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीनों बदमाशों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में घायल बदमाश ने अमन की हत्या में खुद और अपने साथियों के शामिल होने की बात कबूल की है।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दोनों बदमाशों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक और हथियारों के संबंध में भी जांच शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies