
उत्तराखंड क्रिएटर मीट में प्रदेशभर के सैकड़ों इंफ्लूएंसर सम्मानित
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। उत्तराखंड इंफ्लूएंसर क्रिएटर एसोसिएशन की ओर से रविवार को रुड़की में उत्तराखंड क्रिएटर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों इंफ्लूएंसर और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले इंफ्लूएंसर को सम्मानित किया गया।


हरिद्वार रोड स्थित एक वेंकट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में संयोजक फोनिक्स विश्वविद्यालय के चेयरमैन चेरब जैन ने बताया किकार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेशभर के इंफ्लूएंसर को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, अनुभव साझा करने और नई संभावनाओं के लिए नेटवर्क तैयार करना रहा। कार्यक्रम में सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय प्रतिभाओं और विभिन्न क्षेत्रों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले क्रिएटर भी शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े इंफ्लूएंसर को एक मंच पर लाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश के रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों को मंच उपलब्ध कराया जाएगा। प्रसिद्ध इंफ्लूएंसर मुकुल शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया आज अपनी बात और प्रतिभा को बड़े स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
उत्तराखंड के युवाओं में रचनात्मक प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से उन्हें एक-दूसरे से सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए कुछ नया और अलग करना होगा। कार्यक्रम के दौरान इंफ्लूएंसर के बीच संवाद, परिचय और अनुभव साझा करने के साथ नई संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।
इस दौरान मुकुल शर्मा व चैरब जैन ने सभी क्रिएटरों को सम्मानित किया। इस मौके पर चिराग़ शर्मा,दीपक पांडे, ओम त्यागी,आकाश गौतम, सागर गौतम,सत्यम कुमार, आयुष बिरला,अक्षय पाल, जुनैद मालिक, शिवा स्नेही, तरुण बिरला, केशव सिंघल, अंकुश पाल,आयुष चौरसिया,आशीष जैन,आर्यन शर्मा आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies