
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
झबरेड़ा। विधायक वीरेंद्र जाटी ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेताओं पर बीएलए के माध्यम से फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में फार्म-7 के जरिए बड़ी संख्या में लोगों के नाम पर आपत्तियां लगाई गई हैं, जबकि संबंधित लोगों को इसकी जानकारी तक नहीं है।

सढोली स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि भाजपा के लोगों ने फार्म-7 के माध्यम से लोगों पर अथाह आपत्तियां लगाई हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या का प्रयास बताते हुए कहा कि फार्म-7 का प्रारूप एक तय साजिश के तहत तैयार किया गया है।
विधायक ने कहा कि भाजपा के लोग कितना भी जोर लगा लें, झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में कोई भी वैध वोट नहीं कटने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में काम कर रहे हैं और हर वैध मतदाता के अधिकार की रक्षा की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि कई ऐसे लोगों के नाम से आपत्तियां लगाई गई हैं, जिन्हें इसकी जानकारी ही नहीं है। एक मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति के नाम से हस्ताक्षर कर आपत्ति दर्ज की गई, जिसका एक हाथ नहीं है और जो हस्ताक्षर करने में सक्षम ही नहीं है।
विधायक ने बताया कि भाजपा से जुड़े 53 बीएलए ने शपथ पत्र देकर स्पष्ट किया है कि उनके द्वारा किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। इन शपथ पत्रों की प्रतियां एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों को भी उपलब्ध करा दी गई हैं। उन्होंने इन बीएलए का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने लोकतंत्र का सम्मान करने में अपनी भूमिका निभाई है।
वीरेंद्र जाती ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पदाधिकारियों ने जिस प्रकार का खेल खेलने का प्रयास किया है, वह पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने गलत तरीके से कार्य करने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन अधिकारियों को लंबे समय तक नौकरी करनी है। इसलिए उन्हें किसी दबाव में आकर गलत कार्य नहीं करना चाहिए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies