News

8/24/2026 4:38:38 PM

उर्स के बीच सोलानी पुल के गहरे गड्ढों पर कांग्रेस का हल्लाबोल—सरकार पर साधा निशाना-बोले अफसरों की लापरवाही से जायरीनों की जान खतरे में....

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच पिरान कलियर आने वाले प्रमुख मार्ग पर सोलानी नदी पुल की बदहाल हालत को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोमवार को कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुल पर जोरदार प्रदर्शन किया।


इस दौरान नेताओं ने पुल पर बने गहरे गड्ढों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उर्स शुरू हो चुका है और देश-विदेश से हजारों जायरीन पिरान कलियर पहुंच रहे हैं। रुड़की रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से कलियर आने वाले अधिकांश जायरीन इसी मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद सोलानी पुल पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को भरने की सुध न सरकार को है और न ही जिम्मेदार अधिकारियों को।विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान सरकार को जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने चाहिए थे, लेकिन मुख्य मार्ग की हालत ही सरकार की तैयारियों की हकीकत बयां कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी हादसे के बाद जागने के बजाय अधिकारियों को अभी कार्रवाई करनी चाहिए।कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और पूर्व मेयर गौरव गोयल ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही के कारण जायरीनों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पुल पर बने गहरे गड्ढे रात के समय और भी खतरनाक हो जाते हैं। रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगो के वाहन और जायरीन यहां से गुजर रहे हैं, ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उर्स की मुख्य रस्मों के दौरान जायरीनों की संख्या और बढ़ेगी। ऐसे में सड़क की बदहाली को नजरअंदाज करना सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार ओर अधिकारियों से सवाल किया कि जब उर्स की तारीख पहले से तय थी तो मुख्य मार्गों की मरम्मत समय रहते क्यों नहीं कराई गई।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुल के गड्ढों को तत्काल भरने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करने से पीछे नहीं हटेंगे।इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies