
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। उर्स/मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं मेला अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी और नगर पंचायत के ईओ कुलदीप चौहान ने दरगाह कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बैठक की। इससे पहले अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में राष्ट्रगान और वंदे मातरम का गायन किया गया। इसके बाद अधिकारियों ने दरगाह साबिर पाक में चादर और फूल पेश कर अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी।
दरगाह कार्यालय में आयोजित बैठक में उर्स मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जायरीनों की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद अधिकारियों ने दरगाह परिसर और मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नजीर होटल की कढ़ाई में काला तेल देख भड़के ज्वांइट मजिस्ट्रेट
निरीक्षण के दौरान नजीर होटल की कढ़ाई में काला और गंदा तेल देखकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए होटल का नगद चालान कराया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं मेला अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि उर्स/मेले की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कुछ होटल संचालकों पर बिना लाइसेंस खाना बनाने और नियमों का उल्लंघन करने के मामले में चालान की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उर्स में देशभर से आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और साफ-सफाई, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखी जाएं।इस दौरान सुपरवाइजर इंतेखाब आलम, राव सिकंदर हुसैन, लेखाकार सद्दाम आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies