
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। शहीद मेजर दुर्गामल्ल के बलिदान दिवस पर मंगलवार को गोरखा समाज की ओर से गंगनहर टैंक चौक स्थित शहीद दुर्गामल्ल की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोरखा समाज अध्यक्ष जसवंत सिंह थापा और पूर्व अध्यक्ष बुद्धिसिंह राणा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित की और पुष्पांजलि देकर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में समाजसेवी नवीन कुमार जैन अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रभक्तों ने ‘शहीद दुर्गामल्ल अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष लगाए।नवीन कुमार जैन ने कहा कि शहीद दुर्गामल्ल ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज के सिपाही के रूप में अंग्रेजी हुकूमत से भारत को स्वतंत्र कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि शहीद दुर्गामल्ल जैसे बहादुर और निडर स्वतंत्रता सेनानी को देश हमेशा कोटिशः नमन करता रहेगा।
गोरखा समाज ने देश की स्वतंत्रता के लिए जो योगदान दिया, उसके लिए समाज को साधुवाद दिया जाना चाहिए। उन्होंने गोरखा युवाओं से शहीद दुर्गामल्ल के पदचिह्नों और आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।गोरखा समाज अध्यक्ष जसवंत सिंह थापा ने कहा कि गोरखा समाज ने देश की आजादी में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को गोरखा समाज के हितों और अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

इस अवसर पर हरि बहादुर गुरुंग, जितेंद्र गुरुंग, रविंद्र गुरुंग, यम बहादुर गुरुंग, धरम सिंह, बिनोद शर्मा, तुलसी देवी, सीमा गुरुंग, गोरी छेत्री, त्रिलोक छेत्री, प्रदीप लेपचा, नर सिंह आले, डीबी मल्ल, सचिन गोडवाल, डॉ. बीएल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies