
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। गृह मंत्री अमित शाह पर छात्रों के खिलाफ पैलेट गन चलवाने का आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मालवीय चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अमित शाह के इस्तीफे की मांग की।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर छात्रों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र सरकार को तानाशाही सरकार बताते हुए कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर उद्योगपतियों के हित में काम करने का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से मेहनत करने वाले लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। युवा कांग्रेस ने सरकार से छात्रों के हित में ठोस कदम उठाने और पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

प्रदर्शन में अफजाल, सागर, पारस, अजय भल्ला, यशी, दानिश, सौरभ त्यागी, नईम, गुलिस्तां, अधिवक्ता मोनिस परवेज, मुंतजिर, परवेज आलम, बाबरा, राव बिलावर, भानु, समद, रजत, रवि तोमर, हरिश परमार, सुभाष, नसीब, विपिन, कार्तिक गोस्वामी, अनुराग, मयंक नेगी, राजा, नदीम, गुड्डू विकास, रोहित, सूर्यांश आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies