News

8/26/2026 2:20:01 PM

डॉ. हर्डिकर की पुण्यतिथि पर सेवादल कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। कांग्रेस सेवादल के संस्थापक, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. नारायण सुब्बाराव हर्डिकर की 51वीं पुण्यतिथि पर रुड़की में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सेवादल पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए सेवा एवं अनुशासन के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुधीर शांडिल्य, पूर्व प्रदेश महासचिव सचिन गुप्ता, जिला अध्यक्ष सुशील कश्यप सहित राहुल सैनी, पूर्व प्रदेश महासचिव कांग्रेस सेवादल उत्तराखंड और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुधीर शांडिल्य ने कहा कि डॉ. हर्डिकर ने सेवादल के माध्यम से देश को अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं की मजबूत टोली दी। उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। सचिन गुप्ता ने कहा कि हर्डिकर के सेवा भाव और त्याग से प्रेरणा लेकर समाज और देश की सेवा करनी चाहिए।

जिला अध्यक्ष सुशील कश्यप ने कार्यकर्ताओं से जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। राहुल सैनी ने कहा कि पुण्यतिथि पर सभी कार्यकर्ताओं ने सेवादल के अनुशासन और सेवा के मूलमंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

डॉ. नारायण सुब्बाराव हर्डिकर का जन्म 15 जुलाई 1889 को हुबली, कर्नाटक में हुआ था। चिकित्सक होने के बावजूद उन्होंने अपना जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया। वर्ष 1923 में उन्होंने कांग्रेस सेवादल की स्थापना की। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने असहयोग, सविनय अवज्ञा और भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा कई बार जेल गए।

आजादी के बाद भी उन्होंने सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में योगदान दिया। गांधीवादी विचारों से प्रभावित डॉ. हर्डिकर सत्य, अहिंसा, सेवा और त्याग को जीवन का आधार मानते थे। वर्ष 1971 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर डॉ. हर्डिकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies