News

8/26/2026 4:54:44 PM

कलियर में सात सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 1000 युवाओं को मौके पर ऑफर लेटर देने का लक्ष्य

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। कलियर विधानसभा क्षेत्र के धनौरी स्थित महर्षि दयानंद मेडिकल साइंस एवं रिसर्च इंस्टिट्यूट परिसर में सात सितंबर को स्वराज फाउंडेशन की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से 35 से 40 कंपनियां पहुंचेंगी और युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।

देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक रोमा सैनी ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य दसवीं, बारहवीं, स्नातक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मेले में अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां युवाओं की शैक्षिक योग्यता और कौशल के आधार पर उनका चयन करेंगी।

फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल परासर ने बताया कि रोजगार मेले में कम से कम एक हजार युवाओं को कंपनियों की ओर से मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं को सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप वेतन उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित अन्य प्रदेश स्तरीय नेता भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की।पत्रकार वार्ता में सांसद प्रतिनिधि संजय प्रजापति, पार्षद यूजूर प्रजापति, रामगोपाल कंसल, देशपाल रोड, संजय सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies