दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की मुख्य रस्में पूरी होने के बाद भी मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट पाई है। पहले जगह-जगह कूड़े के ढेर और अब नालों का गंदा पानी सड़कों पर बहने से सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है। वीआईपी रोड पर झूला-सर्कस के गेट के सामने नाला ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर फैल गया। इससे वहां से गुजरने वाले जायरीन और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार वीआईपी रोड पर झूला-सर्कस के गेट के सामने दाहिने ओर पर नाला ओवरफ्लो होकर बहने लगा। नाले से निकल रहा गंदा पानी सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क से गुजरना जायरीनों के लिए मुश्किल हो गया। जिन दुकानदारों की दुकानों के सामने नाला ओवरफ्लो हुआ, उन्हें भी गंदगी और दुर्गंध के बीच कारोबार करने को मजबूर होना पड़ रहा है।गौरतलब है कि 11 रबीउल अव्वल तक प्रशासन और मेला व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी नालों की सफाई कराने में जुटे रहे, लेकिन उर्स की मुख्य रस्मों के दौरान ही सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने आ गई।
मुख्य उर्स के दौरान बाजारों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे और अब नाले का गंदा पानी सड़कों पर आने से व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।जायरीन और दुकानदारों का कहना है कि उर्स की मुख्य रस्मो में भी सफाई व्यवस्था में सुधार नजर नहीं आ रहा है। कहीं कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है तो कहीं नाले ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सड़क पर फैला रहे हैं। इससे न केवल लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है, बल्कि मेला क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।जायरीनों और दुकानदारों ने दरगाह प्रशासन से तत्काल नाले की सफाई कराने, सड़क पर फैले गंदे पानी की निकासी कराने और पूरे मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies