
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स में शुक्रवार को रबीउल अव्वल की 14 तारीख पर सुबह दस बजे गुशल शरीफ की रस्म अदा की गई। इस दौरान मजार शरीफ और दरगाह परिसर को गुलाब जल और केवड़ा जल से नहलाया गया। रस्म के दौरान पूरा दरबार गुलाब और केवड़े की खुशबू से महक उठा। गुशल शरीफ के बाद मजार शरीफ पर संदल पेश किया गया। गुशल का पानी हासिल करने के लिए जायरीनों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि हर ओर अकीदतमंदों की भीड़ दिखाई दी।

सालाना उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों जायरीन गुशल शरीफ की रस्म में शामिल हुए। निर्धारित समय पर सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी कुद्दुसी ने गुशल शरीफ की रस्म अदा कराई। सबसे पहले मजार शरीफ को गुलाब जल और केवड़ा जल से नहलाया गया। इसके बाद मजार शरीफ पर संदल पेश किया गया।गुशल शरीफ की रस्म पूरी होते ही जायरीन गुशल का पानी हासिल करने के लिए उमड़ पड़े। कोई बोतल लेकर पानी भरता नजर आया तो कोई गिलास में गुशल का पानी समेटता दिखाई दिया। 
जिन अकीदतमंदों के पास पानी रखने के लिए कोई पात्र नहीं था, वह अपने कपड़ों को ही गुशल के पानी से तर करते नजर आए। जायरीनों में गुशल शरीफ के पानी को पाने की ऐसी होड़ रही कि दरगाह परिसर में हर तरफ अकीदतमंदों का सैलाब नजर आया।गुशल शरीफ के दौरान दरगाह परिसर का माहौल पूरी तरह रूहानी नजर आया। अकीदतमंदों ने साबिर पाक के दरबार में हाजिरी लगाकर देश-दुनिया में अमन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। गुशल शरीफ की रस्म के साथ ही उर्स की सभी प्रमुख रस्में संपन्न हो गईं।
हालांकि उर्स का आयोजन चांद की 20 तारीख तक जारी रहेगा और इस दौरान दरगाह में जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा।
इस अवसर पर शाह यावर अली एजाज साबरी, शाह खालिक मियां, सज्जादा प्रतिनिधि शाह सुहैल मियां, यासिर एजाज साबरी,मुहिद खान साबरी, सूफियान बाबा, सूफी इसरार साबरी, सलीम उदयपुरी, मुनव्वर अली साबरी,शफीक साबरी, सूफी राशिद साबरी,शाह असद, हैदर हबीब, शाह गाजी, अदनान हबीब,नोमी मियां, नमीर मियां, नियाजी मियां, शाहरुख साबरी, रहीम साबरी, अमीर साबरी समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद और जायरीन मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies