
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की मुख्य रस्म गुशल शरीफ संपन्न होने के बाद अब देशभर से पहुंचे जायरीनों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में जायरीन उर्स मेला क्षेत्र से अपने घरों की ओर रवाना हुए तो बाहर निकलने वाले प्रमुख रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। नए पुल, पीपल चौक और सदन चौक समेत उर्स क्षेत्र से बाहर जाने वाले मार्गों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।जाम में वाहन रेंगते नजर आए। वहीं उमस भरी गर्मी के बीच जाम में फंसे जायरीन परेशान रहे। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ी। कई लोग गर्मी और भीड़ के कारण वाहनों से उतरकर सड़क किनारे खड़े होने को मजबूर दिखाई दिए।

उर्स में मुख्य रस्म पूरी होने के बाद जायरीनों की भारी भीड़ एक साथ वापस लौटने से यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। प्रमुख चौराहों और निकासी मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी मशक्कत करते दिखाई दिए, लेकिन वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण यातायात व्यवस्था चरमराती नजर आई।जायरीनों का कहना है कि उर्स के दौरान लोगों की आवाजाही को देखते हुए पहले से यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए था।
वापसी के समय जाम की स्थिति ने प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मांग की कि प्रमुख निकासी मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात कर यातायात को सुचारू कराया जाए, ताकि उमस और गर्मी के बीच जायरीनों को परेशानी से राहत मिल सके।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies