
जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गूंजा नगर, गंगा स्नान के बाद बीटी गंज रंगमंच पर हुई ध्वजा स्थापना
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। 107वीं रामलीला के भव्य आयोजन के शुभारंभ से पूर्व रक्षा सूत्र के पावन पर्व पर श्री हनुमान जी की ध्वजा-पताका की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। पंचायती धर्मशाला से शुरू हुई शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। नगर के मुख्य बाजार समेत विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा गंगा घाट पहुंची, जहां ध्वजा-पताका को गंगा स्नान कराया गया। इसके बाद विधि-विधान से बीटी गंज स्थित रंगमंच स्थल पर ध्वजा स्थापित की गई।

शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। ध्वजा स्थापना के साथ ही 107वीं रामलीला के आयोजन का विधिवत शुभारंभ हुआ।
रामलीला समिति के अध्यक्ष सुबोध गुप्ता ने कहा कि 107 वर्षों से रामलीला की यह परंपरा रुड़की की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मंचन तक सीमित धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, त्याग और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है। समिति का प्रयास है कि इस गौरवशाली परंपरा को पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ आगे बढ़ाया जाए।

महामंत्री सौरभ सिंघल ने कहा कि ध्वजा-पताका की शोभायात्रा रामलीला के शुभारंभ का महत्वपूर्ण धार्मिक विधान है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में शहरवासियों की आस्था लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से समाज में सत्य, धर्म और मर्यादा का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। इस वर्ष भी रामलीला को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
शोभायात्रा में राज्य मंत्री आदेश सैनी, पूर्व मेयर यशपाल राणा, पार्षद राकेश गर्ग, विशाल गुप्ता, शिवम अग्रवाल, सतीश सैनी, मनोज अग्रवाल, नवनीत गर्ग, प्रदीप परूथी, विभोर सेठी, अभिषेक मित्तल, अमन अग्रवाल, सारंग सैनी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies