News

8/29/2026 2:34:23 PM

डीएम के आदेश के बाद भी नहीं भरे सोलानी पुल के गड्ढे, कांग्रेस ने सिंचाई विभाग कार्यालय पर दिया धरना

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। कलियर रोड स्थित सोलानी नदी पुल पर बने गड्ढों को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद गड्ढे नहीं भरे जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई।

धरने के दौरान मौके पर पहुंचे एसडीओ अर्जुन सिंह और जेई बीडी धीमान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बताया कि सोलानी पुल पर जाकर गड्ढों को भरने का काम किया जा चुका है। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर उनका गुस्सा और बढ़ गया। आरोप है कि गड्ढे भरने के नाम पर महज खानापूर्ति की गई थी। गड्ढों में पत्थर डाल दिए गए थे, जिससे सड़क पहले से भी ज्यादा बदहाल हो गई। सड़क से गुजरने वाले लोगों ने भी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए और पेंचवर्क के नाम पर किए गए काम को जानलेवा बताया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थिति देखकर अधिकारियों ने सड़क को दोबारा लेवल कराने की बात कही। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर नहर सफाई के नाम पर आने वाले करोड़ों रुपये की बंदरबांट के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभाग सड़क की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिसका खामियाजा रोजाना पुल से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

चौधरी राजेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि सोमवार सुबह 11 बजे तक सोलानी पुल के सभी गड्ढे ठीक नहीं किए गए तो सुबह 11:30 बजे से पुल के समीप अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।गौरतलब है कि बीती 24 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोलानी नदी पुल के समीप धरना देकर सिंचाई विभाग को 28 अगस्त तक गड्ढे भरने का अल्टीमेटम दिया था। तय समय बीतने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर कांग्रेस ने दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाया है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व प्रशासन जसबीर चौधरी, सरदार हरविंदर सिंह, मोहित त्यागी, संजय तोमर गुड्डू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies