
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
गड्ढामुक्त सड़कों और एसआईआर की प्रगति पर डीएम ने कसी अधिकारियों की नकेल
रुड़की। जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों के साथ बैठक करने के साथ ही धरातल पर उतरकर राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने भारी वर्षा और कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए गड्ढों की त्वरित गति से मरम्मत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने तहसील स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर बने गड्ढों और चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति रिपोर्ट भी अधिकारियों से मांगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में लोगों को विश्वास में लेकर कार्य किया जाए। लोगों की आपत्तियों को गंभीरता से सुना जाए और उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

मीडिया से वार्ता करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि गड्ढामुक्त सड़क अभियान को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की गई है और मौके पर जाकर सड़कों की स्थिति का निरीक्षण भी किया गया है। भारी बारिश और कांवड़ यात्रा के दौरान सड़कों को हुए नुकसान की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जा रही है।
एसआईआर के संबंध में उन्होंने कहा कि लोगों को इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लोगों की आपत्तियां सुनी जाएं और उनका निस्तारण किया जाए।वहीं धरनारत किसानों के संबंध में पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों से लगातार बातचीत की जा रही है। उनकी जिला स्तर की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही किसानों का धरना समाप्त हो जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies